दुबई। यूएई की मशहूर रियल एस्टेट कंपनी अल हब्तूर ग्रुप के अरबपति संस्थापक खलाफ अल हब्तूर ने अपने युवा अमीराती कर्मचारियों के लिए एक अनोखी प्रोत्साहन योजना का ऐलान किया है। इस योजना के तहत यदि कोई कर्मचारी शादी करता है तो उसे 50,000 दिरहम (लगभग ₹12.5 लाख) की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
इसके साथ ही कंपनी ने यह भी घोषणा की है कि शादी के बाद अगले दो वर्षों के भीतर यदि कर्मचारी के बच्चे का जन्म होता है, तो प्रत्येक बच्चे पर यह राशि दोगुनी कर दी जाएगी। अल हब्तूर का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य यूएई में विवाह और पारिवारिक जीवन को प्रोत्साहित करना तथा जनसंख्या वृद्धि को बढ़ावा देना है।
इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर इस फैसले की जमकर चर्चा हो रही है और लोग इसे कर्मचारियों के हित में उठाया गया एक सराहनीय कदम बता रहे हैं।













