Ballia / Liberal Media
बलिया। गरीबी, भूख और अपनों के बिछड़ने का दर्द अगर मजबूत हौसलों से टकरा जाए, तो हालात भी हार मान लेते हैं। बलिया जिले की बेल्थरारोड तहसील अंतर्गत सहिया हल्दीरामपुर गांव से निकलकर मुंबई की सड़कों तक संघर्ष करने वाले हुसैन की कहानी इसी जज़्बे की मिसाल है। इलाज के अभाव में पिता की मौत ने उन्हें तोड़ा नहीं, बल्कि फौलाद बना दिया। आज हुसैन न केवल आत्मनिर्भरता की पहचान हैं, बल्कि इंसानियत का जीवंत उदाहरण भी हैं।
महज 15 वर्ष की उम्र में टीबी से पिता को खोने और उससे पहले मां के साए से वंचित हो जाने के बाद हुसैन के सामने जीवन की बड़ी चुनौतियां खड़ी हो गईं। बेहतर भविष्य की तलाश में वह मुंबई पहुंचे, जहां कभी सड़कों पर रातें गुजारीं, कभी बोझा ढोया और कभी छोटी-मोटी नौकरी कर जीवनयापन किया। लेकिन हर ठोकर ने उन्हें कमजोर करने के बजाय और मजबूत बनाया।
संघर्षों के बीच वर्ष 2007 में हुसैन ने महज 1500 रुपये से 10 किलो मछली खरीदकर कारोबार की शुरुआत की। दिन-रात की मेहनत, ईमानदारी और धैर्य का ही नतीजा रहा कि आज उनका मछली, ड्राई फिश और फिश पाउडर का कारोबार करीब 5 करोड़ रुपये के टर्नओवर तक पहुंच चुका है।
वर्ष 2012 में शादी के बाद पत्नी ने उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया और हौसलों को नई उड़ान दी। काम की व्यस्तता के बावजूद हुसैन ने कभी अपने गांव और जरूरतमंद लोगों से मुंह नहीं मोड़ा। मुंबई में रहते हुए भी उन्होंने बिना किसी दिखावे के गांव के दर्जनों गरीबों की मदद की। साथ ही अपने छोटे भाइयों की शादियां कराईं और उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया।
सातवीं कक्षा तक पढ़े हुसैन का सपना आज भी इंसानियत से जुड़ा हुआ है। वह अपनी बेटी को डॉक्टर बनाना चाहते हैं, ताकि इलाज के अभाव में किसी पिता की असमय मौत न हो, जैसी पीड़ा उन्होंने खुद झेली। हुसैन की यह कहानी साबित करती है कि अगर इरादे मजबूत हों, मेहनत सच्ची हो और दिल में इंसानियत जिंदा हो, तो किस्मत भी रास्ता बदल लेती है। यह सिर्फ सफलता की कहानी नहीं, बल्कि उम्मीद, संघर्ष और मानवता की प्रेरणादायक दास्तान है।








