‘बंगाल की ममता दीदी जैसा ही हाल अखिलेश यादव का भी होगा’ : मंत्री नरेंद्र कश्यप

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर पहुंचे प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव की स्थिति भी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जैसी होगी।

नरेंद्र कश्यप ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और एआईएमआईएम सहित कई दल 400 सीटें जीतने की बात कह रहे हैं, लेकिन यह केवल राजनीतिक बयानबाजी है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति “ढाक के तीन पात” जैसी है और चुनाव परिणाम आने पर वास्तविकता सामने आ जाएगी।

भाजपा मंत्री ने कहा कि जिस तरह बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी और कांग्रेस को चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, उससे भी बुरा हाल उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव का होने वाला है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा एक बार फिर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और विपक्ष के दावे धरातल पर नहीं उतरेंगे।

मंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में नई बहस छिड़ने की संभावना है। हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से इस बयान पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Comment

Related News

Verified by MonsterInsights