शाहजहांपुर। भारतीय योग संस्थान (रजिस्टर्ड), रोहिणी, दिल्ली के तत्वावधान में शाहजहांपुर के रोजा क्षेत्र के साधकों द्वारा आयोजित 5 दिवसीय मोटापा रोग निवारण शिविर का रविवार को शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्देश्य योग, प्राणायाम और संतुलित जीवनशैली के माध्यम से बढ़ते मोटापे पर नियंत्रण तथा लोगों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला प्रधान डॉ. मयंक भूषण पांडे एवं कैंट क्षेत्र के प्रधान डॉ. मदन मोहन त्रिपाठी ने ज्ञान की देवी माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को योग के महत्व और नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई।
शिविर में रोजा क्षेत्र के प्रधान डॉ. संजय सिंह चंदेल, उप प्रधान महेंद्र कुमार, केंद्र प्रमुख के.के. सिंह, ग्लेरिंग पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. आशुतोष शुक्ला, राम प्रकाश वर्मा सहित अनेक साधक एवं साधिकाएँ उपस्थित रहीं।
आयोजकों ने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले इस शिविर में प्रतिभागियों को मोटापा नियंत्रण, प्राणायाम, योगासन, संतुलित आहार, दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नियमित योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, मानसिक संतुलन और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय भी बताए जाएंगे।
शिविर में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन जीने का संकल्प लिया।








