शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम पर सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन गन्ना शोध परिषद में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तथा विशिष्ट अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर शाहजहांपुर सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, महापौर अर्चना वर्मा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा और महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यमी युवा स्वरोजगार योजना, समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ‘लखपति दीदी’ योजना तथा स्वयं सहायता समूहों के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देश में 11 करोड़ तथा उत्तर प्रदेश में 1.86 करोड़ परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत करोड़ों गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं और किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी सुविधाओं से लाभ पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है। सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत संरचना और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनसेवा को समर्पित रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, मुफ्त गैस कनेक्शन, संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।
कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया और महापौर अर्चना वर्मा ने भी केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के नौ वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं से संवाद, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने गिनाईं उपलब्धियां
Published On:








