बलिया। बेल्थरारोड में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के भीतर सियासी बयानबाजी उस समय तेज हो गई, जब पार्टी के एमएलसी विच्छेलाल राजभर ने अपने ही दल के विधायक पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बेल्थरारोड विधायक को “नालायक” बताते हुए कहा कि पार्टी ऐसे लोगों को बाहर का रास्ता दिखा चुकी है।
एमएलसी विच्छेलाल राजभर ने दावा किया कि सुभासपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और सैकड़ों सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य फोकस संगठन विस्तार और जनसमर्थन बढ़ाने पर है।
इस दौरान उन्होंने पार्टी के एजेंडे को भी सामने रखते हुए कहा कि सरकार बनने पर हर मतदाता को ₹5 हजार प्रतिमाह “मतदाता पेंशन” देने की योजना लागू की जाएगी। उनका कहना था कि इससे 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा स्वतः मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित होंगे और मतदाता सूची सुधार पर होने वाला खर्च भी कम होगा।
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि मतदाता पेंशन योजना लागू होती है, तो वर्तमान में संचालित वृद्धा पेंशन और विधवा पेंशन योजनाओं को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन योजनाओं में सबसे अधिक भ्रष्टाचार हो रहा है।
कार्यक्रम में सुभासपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद वर्मा, प्रवीण प्रकाश, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. हरिनाथ राजभर, प्रेमचंद राजभर, देवानंद भारती, मिथिलेश राजभर, आतिफ जमाल, पंकज राजभर समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








