वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, शाहजहांपुर के 18,806 शिक्षाकर्मी हुए लाभान्वित

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर, 08 जुलाई। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को गन्ना शोध परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ एवं डीबीटी के माध्यम से छात्र-छात्राओं के लिए यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, बैग और स्टेशनरी मद की धनराशि हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षकों का स्वस्थ रहना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की आधारशिला है और मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना उनके लिए बड़ी सौगात साबित होगी।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में 6,542 शिक्षक, 3,782 शिक्षामित्र, 666 अनुदेशक, 7,625 रसोइया, 51 विशेष शिक्षा शिक्षक तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के 130 शिक्षकों सहित कुल 18,806 शिक्षाकर्मियों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से लाभान्वित किया गया है।

उन्होंने बताया कि डीबीटी के माध्यम से जनपद के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खातों में 26.5 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की जा रही है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि इस राशि का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए ही सुनिश्चित कराया जाए।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षकों एवं उनके परिवारों को सूचीबद्ध अस्पतालों में बेहतर और कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाया जा रहा है, जबकि अलंकार योजना से विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही उन्होंने 12 जुलाई को होने वाले वृक्षारोपण अभियान में अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की।

राज्यसभा सदस्य मिथिलेश कुमार ने योजना को शिक्षा विभाग से जुड़े हजारों परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में शिक्षकों सुशील गुप्ता, राजकुमार तिवारी, विनायक मिश्रा एवं मगरे लाल को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने वित्त मंत्री को स्मृति चिन्ह स्वरूप हनुमान जी की प्रतिमा भेंट की तथा अतिथियों को पौधे देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर ददरौल विधायक अरविंद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक हरवंश कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights