शाहजहांपुर, 12 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को विकासखंड भावलखेड़ा के सेना भूमि क्षेत्र-1 में आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हरिशंकरी का पौधा रोपित कर अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर तीन हेक्टेयर क्षेत्र में 7,500 पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर, जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पांडेय, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सबसे प्रभावी और स्थायी समाधान वृक्षारोपण है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, सिंचाई और देखभाल भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 40 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है और इसे जनसहभागिता से सफल बनाया जाएगा।
लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य पूरा होगा और शाहजहांपुर निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण कर प्रदेश में मिसाल कायम करेगा।
प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 में शाहजहांपुर को 52.55 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। इनमें 6.21 लाख पौधे वन विभाग तथा 46.34 लाख पौधे अन्य विभागों द्वारा लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम स्थल पर वन विभाग, जिला गंगा समिति एवं हरित सारथी संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषयक प्रदर्शनी भी लगाई गई। समापन पर अतिथियों को स्मृति स्वरूप पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।








