विश्व साइकिल दिवस पर जागरूकता अभियान, पर्यावरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत शाहजहांपुर एवं मानवता वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में कैंट क्षेत्र में साइकिल जागरूकता अभियान एवं पर्यावरण विषयक अनुभवनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं युवाओं को साइकिल के स्वास्थ्य, पर्यावरण और आर्थिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कैंट पूर्व उपाध्यक्ष एवं साइकिल क्लब अध्यक्ष गजेंद्र गंगवार ने कहा कि साइकिल केवल एक यातायात का साधन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा नियमित रूप से साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पर्यावरण विषयक अनुभवनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों ने हरिवन में आशीष भारद्वाज एवं गजेंद्र गंगवार के संरक्षण में विकसित किए जा रहे जंगल क्षेत्र में पौधारोपण किया। प्रतिभागियों को वृक्षारोपण, पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की भूमिका के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
मेरा युवा भारत के उपनिदेशक माहे आलम ने कहा कि साइकिल स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं को फिट इंडिया और हरित भारत के निर्माण के लिए अपने दैनिक जीवन में साइकिल को अपनाना चाहिए।
मानवता वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक अमित श्रीवास्तव ने कहा कि छोटी दूरियों के लिए साइकिल का उपयोग करने से स्वास्थ्य बेहतर होता है, प्रदूषण कम होता है और ईंधन की बचत होती है। साइकिल स्वास्थ्य, पर्यावरण और समाज—तीनों के लिए लाभकारी है।
कार्यक्रम में दीव्यांशी मिश्रा, मोहम्मद शादान, आयुषी, कीर्ति तिवारी, कृष्णा सक्सेना, विकास कोली, पारुल, महक सहित अनेक स्वयंसेवकों, युवाओं एवं बच्चों ने सहभागिता की और पर्यावरण संरक्षण तथा साइकिल उपयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights