शाहजहांपुर। वीआईपी ग्रुप विथ हेल्पिंग हैंड्स की महत्वपूर्ण बैठक संगठन के संरक्षक डॉ. रवि मोहन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक सरोकारों एवं आगामी जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिला प्रभारी वर्षा गोस्वामी एवं जिलाध्यक्ष नीतू गुप्ता की उपस्थिति में सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया।
संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से रंजना तिवारी को कोषाध्यक्ष, राजेश शुक्ला को संयुक्त महासचिव (पुवायां), अनूप गुप्ता को संयुक्त महासचिव (जलालाबाद), जितेंद्र प्रसाद को संयुक्त महासचिव (तिलहर), विवेक वर्मा एवं कोमल खन्ना को सचिव तथा कौशल शुक्ला एवं रश्मि भारती को जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।
बैठक के दौरान ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य संजय अग्रवाल ने अगले माह रक्तदान शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिसका सभी पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। जिला प्रभारी वर्षा गोस्वामी ने व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का सुझाव दिया, जबकि जिलाध्यक्ष नीतू गुप्ता ने बरसात के मौसम में जरूरतमंद एवं प्रभावित लोगों की सहायता के लिए विशेष सेवा अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा। साथ ही सावन माह में महासचिव सतीश सक्सेना के प्रतिष्ठान पर भंडारे के आयोजन का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में मुख्य संरक्षक चंद्रशेखर खन्ना ‘धीरू’ ने वीआईपी ग्रुप की अब तक की उपलब्धियों और सामाजिक कार्यों को संजोने के उद्देश्य से स्मारिका प्रकाशित करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव का सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदन किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों एवं बड़ों में बढ़ते मानसिक तनाव, आक्रोश एवं प्रतिस्पर्धा के दबाव को देखते हुए उनके मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए नियमित कार्यशालाओं का आयोजन समय की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और सामाजिक मूल्यों के विकास में सहायक होंगे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन के माध्यम से सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान, शिक्षा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को और अधिक सक्रियता एवं व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। अंत में ग्रुप की महानगर अध्यक्ष दीपमाला रस्तोगी ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
बैठक में ग्रुप क्रिएटर अभिनय गुप्ता, कोषाध्यक्ष ज्योति गुप्ता, विनायक अग्रवाल, अनुज देव गुप्ता, संजय अग्रवाल, रिद्धि बहल, डॉ. दीपा सक्सेना, कौशलेंद्र मिश्रा, जितेंद्र प्रसाद, सचिन बाथम, अरविंद कुमार, लक्ष्य गुप्ता सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।










