विचार क्रांति अभियान का संदेश लेकर ग्रामीण अंचलों में पहुंची ज्योति कलश रथयात्रा

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। शांतिकुंज हरिद्वार से युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का दिव्य संदेश लेकर निकली ज्योति कलश रथयात्रा बुधवार को ग्रामीण अंचलों में पहुंची। अज्ञान, अंधविश्वास, कुरीतियों और नकारात्मक सोच के अंधकार को दूर कर ज्ञान, संस्कार, सद्विचार और आत्मजागरण का प्रकाश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही इस रथयात्रा का गांव-गांव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। जहां-जहां रथयात्रा पहुंची, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती, दीप प्रज्ज्वलन और जयघोष के साथ अखंड ज्योति का अभिनंदन किया। पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना और विचार जागरण का वातावरण दिखाई दिया।

यात्रा का प्रथम स्वागत ग्राम कनेंग में यात्रा प्रभारी वीरपाल सिंह, भगवान सिंह चौहान, जयवीर सिंह, गुलवीर सिंह, शैलेन्द्र सिंह, प्रशांत सिंह एवं उनके परिवारजनों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। भगवान सिंह चौहान के आवास पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने अखंड दीप के समक्ष बैठकर 24 बार गायत्री मंत्र का सामूहिक जप किया और विश्व कल्याण की प्रार्थना की।

ग्रामीणों ने जगह-जगह रथयात्रा का पूजन-अर्चन कर पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। वरिष्ठ गायत्री परिजन भगवान सिंह चौहान के यहां भोजन प्रसाद एवं अल्प विश्राम के उपरांत रथयात्रा आगे बढ़ी और बादशाहनगर में स्वागत-सत्कार प्राप्त करती हुई सायंकाल सेरामऊ दक्षिणी पहुंची माता कालिका देवी मंदिर में यात्रा प्रभारी भारत सिंह एवं ग्रामवासियों ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ रथयात्रा का भव्य स्वागत किया। आसपास के गांवों में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक यात्रा का अभिनंदन किया।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण योजना का साहित्य वितरित किया गया। साथ ही सभी को विचार क्रांति अभियान से जुड़कर नशामुक्ति, नैतिकता, पारिवारिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला समन्वयक सूरज वर्मा ने कहा कि
“आज समाज अनेक प्रकार की चुनौतियों से जूझ रहा है। भौतिक प्रगति के बावजूद मानसिक अशांति, पारिवारिक विघटन, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और नैतिक मूल्यों का ह्रास चिंता का विषय है। ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक भावना जगाना नहीं, बल्कि व्यक्ति के विचारों में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जब विचार बदलते हैं तो व्यक्ति बदलता है, व्यक्ति बदलता है तो परिवार बदलता है और परिवार बदलता है तो समाज तथा राष्ट्र के निर्माण की नई दिशा बनती है। विचार क्रांति ही युग परिवर्तन का आधार है।”

यात्रा के साथ रथ सारथी राकेश जी, जिला समन्वयक सूरज वर्मा, सविता मौर्य, अनीता गुप्ता, मीडिया प्रकोष्ठ से ऋतिक प्रजापति सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे।
सायंकाल ग्राम सेरामऊ दक्षिणी स्थित कालसेन बाबा मंदिर में भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। दीपयज्ञ में यात्रा प्रभारी भारत सिंह ने परिवार सहित पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दीपयज्ञ को जिला समन्वयक सूरज वर्मा, सविता, अनीता एवं रथ सारथी राकेश जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

दीपयज्ञ के दौरान युगऋषि संदेशवाहकों ने कहा कि— “दीपयज्ञ केवल दीप जलाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपने भीतर ज्ञान, विवेक और सदाचार का दीप प्रज्ज्वलित करने का संकल्प है। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण का जो अभियान चलाया था, वही आज ज्योति कलश रथयात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने जीवन में सद्विचार, सदाचार और सेवा भाव को स्थान दें तथा एक आदर्श समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।”
गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिनों में शाहजहांपुर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जनजागरण, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग आत्मसुधार, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, संस्कार निर्माण और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना जागृत हो रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights