विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर निकला मौन कैंडिल मार्च, पीड़ितों को किया नमन

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर, 14 अगस्त। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर शहीद उद्यान पार्क से गांधी भवन तक मौन कैंडिल मार्च निकाला गया। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के नेतृत्व में निकले मार्च में राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं पंजाबी समाज के पदाधिकारियों ने हाथों में मोमबत्ती लेकर सहभागिता की। गांधी भवन में विभाजन विभीषिका पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का वित्त मंत्री ने अवलोकन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ काकोरी एक्शन ट्रेन के नायकों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान विभाजन की त्रासदी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि भारत विभाजन मानव इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक है, जिसमें लाखों परिवार प्रभावित हुए और लोगों को विस्थापन, पीड़ा और अपनों से बिछड़ने का दर्द झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को उस त्रासदी की याद दिलाना और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है। राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने कहा कि विभाजन का दर्द लाखों परिवारों के लिए आज भी गहरे जख्म की तरह है। कार्यक्रम में किशन लाल छाबरा ने विभाजन के दौरान अपने पूर्वजों द्वारा झेली गई पीड़ा को साझा किया। इस अवसर पर विभाजन की त्रासदी में शहीद हुए लोगों के परिजनों को वित्त मंत्री ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights