ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर घायल

By Liberal Media

Published On:

Date:

Liberal Media | मऊ

मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, जहनियापुर निवासी रामरतन चौहान अपनी पत्नी प्रमिला देवी (45) को बाइक से दवा दिलाने जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे आलम होंडा एजेंसी के पास पीछे से आ रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रॉली का पहिया प्रमिला देवी के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रामरतन चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने घायल को अस्पताल भिजवाया, जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights