तिलहर में ज्योति कलश रथयात्रा दूसरे दिन गांवों में पहुंची, पुष्पवर्षा के साथ हुआ भव्य स्वागत

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में जनपद शाहजहांपुर की तहसील तिलहर में दूसरे दिन मंगलवार को ज्योति कलश रथयात्रा का विभिन्न गांवों में उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। रथयात्रा का दयूरिया, बतलैया, नेवादा, मलकापुर, बाबूपुर और नगरिया सहित कई स्थानों पर पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत हुआ।

यात्रा के दौरान सीताराम जी ने ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य और संदेश ग्रामीणों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा समाज में आध्यात्मिक जागरण, संस्कार निर्माण और विचार क्रांति का संदेश लेकर चल रही है। यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। हमें उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए ताकि एक सुसंस्कृत और आदर्श समाज का निर्माण हो सके।

इस दौरान ग्रामीणों को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया तथा सभी से विचार क्रांति अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।

सायंकाल बाबूपुर नगरिया में कृष्णपाल सिंह के यहां भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया, जिसे सीताराम जी ने संपन्न कराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दीपयज्ञ का प्रकाश केवल दीपों की रोशनी नहीं, बल्कि मानव जीवन के अंधकार को दूर करने और ज्ञान, संस्कार तथा सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देने का माध्यम है। जब व्यक्ति अपने भीतर के अज्ञान और नकारात्मकता को दूर करता है, तभी समाज और राष्ट्र में वास्तविक परिवर्तन संभव होता है।

इस अवसर पर श्याम, सीताराम कपूर, रथ सारथी राकेश, गायत्री परिवार तिलहर प्रभारी संजीव सक्सेना, रामकुमार रस्तोगी, भानुप्रताप मिश्रा, बांकेलाल, प्रेमपाल सक्सेना, आशीष रस्तोगी सहित गायत्री परिवार के अनेक परिजन रथयात्रा के साथ उपस्थित रहे।

संपूर्ण रथयात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों का भी सराहनीय सहयोग रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights