Liberal Media | बहराइच
बहराइच-लखनऊ हाईवे पर मरौचा चौराहे के पास स्टंटबाजी कर रहे युवकों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। खतरनाक स्टंट से यातायात बाधित हो गया था और राहगीरों की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो गया था।
एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान सीओ यातायात राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 11 युवकों को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि युवक एक मॉडिफाइड जीप पर सवार होकर स्टंट कर रहे थे। पुलिस सभी को थाना फखरपुर ले गई, जहां उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, स्टंट में इस्तेमाल की जा रही मॉडिफाइड जीप को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








