तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा ने किया स्वागत, कहा- युगऋषि की युग निर्माण योजना आज भी पूरी तरह प्रासंगिक
शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में संचालित ज्योति कलश रथयात्रा सोमवार को सिंधौली क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने आरती, पूजन, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। रथयात्रा के माध्यम से जनजागरण, विचार क्रांति, नशामुक्ति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
रथयात्रा कटौल, दिऊरिया, कल्याणपुर, शिवनगरा, रामनगरिया, कुशमेश्वर महादेव मंदिर, आलमपुर तथा आसपास के गांवों से होकर गुजरी। जगह-जगह ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत करते हुए पूजन-अर्चन किया और युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया। साथ ही सभी से विचार क्रांति अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया गया।
रथयात्रा के साथ रथ सारथी राकेश जी, मीडिया प्रभारी कपूर, राजेंद्र सिंह, महिपाल, जगबीर सिंह, शिवकुमार एवं अन्य गायत्री परिजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान कराना नहीं, बल्कि व्यक्ति के भीतर छिपी दिव्यता को जागृत करना है। उन्होंने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा चलाया गया विचार क्रांति अभियान आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। यदि व्यक्ति अपने विचारों को श्रेष्ठ बनाकर आत्मसुधार की राह पर चले तो परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण स्वतः संभव हो जाएगा।
यात्रा पुनः सकुलिया पहुंची, जहां तिलहर विधानसभा क्षेत्र की विधायक सलोना कुशवाहा ने ज्योति कलश रथयात्रा का स्वागत, पूजन एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने उन्हें गायत्री मंत्र अंकित चादर एवं देव स्थापना किट भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक सलोना कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान समय में समाज जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनके समाधान के लिए युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का विचार क्रांति अभियान और युग निर्माण योजना अत्यंत सार्थक एवं प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और सद्भावना की स्थापना के लिए ऐसे जनजागरण अभियानों की आवश्यकता है। उन्होंने गायत्री परिवार द्वारा चलाए जा रहे रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
सायंकाल यात्रा सिंधौली पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद गिरीश पाल के आवास पर भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। रामरतन शर्मा, गिरीश पाल शंखवार, सुरेंद्र पाल, महेंद्र पाल (चेयरमैन, गन्ना सहकारी विकास समिति लिमिटेड पुवायां), हरिकिशन शंखवार, रामाधार यादव सहित अनेक परिजनों ने दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में सद्भावना की कामना की।
दीपयज्ञ को सीताराम जी एवं रथ सारथी राकेश जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।
दीपयज्ञ के दौरान सीताराम जी ने कहा कि युग परिवर्तन का आधार आत्मपरिवर्तन है। जब व्यक्ति अपने विचारों, व्यवहार और जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाता है, तभी समाज में स्थायी बदलाव आता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से नशामुक्ति, सदाचार, सेवा और संस्कारयुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिवस भी सिंधौली क्षेत्र में प्रवास करेगी और जनजागरण, विचार क्रांति तथा आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग नशामुक्ति, आत्मसुधार और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं तथा युग निर्माण अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना जगा रहा है।









