शाहजहांपुर पहुंचीं राज्य महिला आयोग सदस्य, शिकायतों पर अफसरों से मांगा जवाब

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने शनिवार को शाहजहांपुर का दौरा कर महिला जनसुनवाई की, अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा ब्लॉक बंडा में जागरूकता चौपाल में भाग लिया। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

विकास भवन सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, भूमि विवाद, बच्चों की सुपुर्दगी, गिरफ्तारी और अन्य मामलों सहित कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं। सदस्य ने कहा कि महिलाओं को अपनी शिकायत दर्ज कराने में संकोच नहीं करना चाहिए और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।

इसके बाद ब्लॉक बंडा में आयोजित जागरूकता चौपाल में महिला कल्याण, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बाल विकास एवं अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहम्मद आसिफ, महिला थाना प्रभारी रश्मि, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, जिला सूचना विभाग के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं महिला कल्याण विभाग की टीम मौजूद रही।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights