शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में पीलीभीत जनपद से ज्योति कलश रथयात्रा का शाहजहांपुर आगमन हुआ। गायत्री शक्तिपीठ चिनौर पहुंची इस रथयात्रा का श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ स्वागत किया गया। यह यात्रा जनपद में आगामी 35 दिनों तक भ्रमण करेगी।
अवंती पार्क पहुंचने पर बड़ी संख्या में एकत्रित गायत्री परिजनों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ रथयात्रा का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद महिलाएं सिर पर कलश रखकर यात्रा के साथ गायत्री शक्तिपीठ चिनौर पहुंचीं।
पुवायां विधानसभा क्षेत्र के विधायक चेतराम ने भी रथयात्रा में पहुंचकर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार वर्षों से समाज में संस्कार, आध्यात्म और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। ज्योति कलश रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं समाज में भाईचारे, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ाने का कार्य करती हैं तथा युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

गायत्री शक्तिपीठ चिनौर पहुंचने पर शाहजहांपुर नगर निगम की महापौर अर्चना वर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना और आरती कर रथयात्रा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत भावुक और आध्यात्मिक अनुभव का क्षण है। जिस प्रकार गायत्री परिवार जनजागरण और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण तैयार कर रहा है, उससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में लोगों को अध्यात्म और संस्कारों से जोड़ना बेहद आवश्यक है। ऐसी यात्राएं लोगों को आत्मिक शांति प्रदान करने के साथ-साथ समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करती हैं।
शक्तिपीठ चिनौर पहुंचने के बाद भजन संध्या और संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनपद स्तरीय संगोष्ठी को संबोधित करते हुए शांतिकुंज के प्रतिनिधि एवं रथ प्रभारी राकेश जी ने आध्यात्मिक जागरण का संदेश दिया। जिला समन्वयक सूरज वर्मा ने भी यात्रा के उद्देश्य और जनसहभागिता पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर शक्तिपीठ मुख्य प्रबंध ट्रस्टी पी के सिंह ट्रस्टी अनिल द्विवेदी, ट्रस्टी राकेश सक्सेना, माया सिंह चौहान, विनय शुक्ला एवं शक्तिपीठ के सभी परिजन एवं गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा से महिला मंडल सभी परिजनों के साथ रंजीत वर्मा, दुर्गेश सिंह,श्याम जी जय अमन ऋतिक राहुल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में भजन संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
ज्योति कलश रथयात्रा कल तिलहर के लिए होगी रवाना।









