शाहजहांपुर ने पेश की गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल, ईदगाह कमेटी ने शंकराचार्य के प्रयासों का किया समर्थन

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर । शहर की ईदगाह एवं जामा मस्जिद कमेटी ने ज्योतिषपीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के नाम समर्थन पत्र जारी कर सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस दौरान ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष राहत अली खां, सचिव सैय्यद कासिम रजा सहित बड़ी संख्या में कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

समर्थन पत्र में कहा गया कि शाहजहांपुर की गंगा-जमुनी तहज़ीब पूरे देश में एक मिसाल है, जहां हिंदू और मुस्लिम सदियों से आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे के साथ रहते आए हैं। कमेटी ने कहा कि कुछ फिरकापरस्त तत्व समाज में नफरत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ऐसे प्रयासों को कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा। अमन, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए सभी शांति-प्रिय नागरिक शंकराचार्य के प्रयासों के साथ हैं।

पत्र में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के माध्यम से भारत सरकार से गौ माता को “राष्ट्रमाता” घोषित किए जाने की भी अपील की गई।

समर्थन पत्र पर ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष राहत अली खां, सचिव सैय्यद कासिम रजा, सदस्य आफाक अली खां, नसीम खां, मदरसा जिया-उल-कुरान के प्रबंधक सलीम अख्तर तथा यूनिटी वेलफेयर सोसायटी के सचिव मोहम्मद एहसान रजा सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक सद्भाव, पारस्परिक सम्मान और राष्ट्रीय एकता ही देश की सबसे बड़ी ताकत है तथा शाहजहांपुर की साझा संस्कृति आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बनी रहेगी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights