Liberal Media | शाहजहांपुर
लघु उद्योग भारती के 32 वर्ष पूर्ण होने एवं 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर शाहजहांपुर इकाई द्वारा “लघु उद्योग गौरव उत्सव” का भव्य आयोजन दी ग्राण्ड अर्क होटल में किया गया। कार्यक्रम में महिला उद्यमियों सहित जिले भर से करीब डेढ़ सौ से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान विश्वकर्मा व भारत माता के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। संचालन जिला महामंत्री हर्षवर्धन अग्रवाल ने किया।
कार्यक्रम में संगठन कोषाध्यक्ष सीए निलय शुक्ला ने LEAP पोर्टल की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्लेटफॉर्म उद्यमियों को खरीदारों से जोड़ने में मदद करता है और संगठन के सदस्यों के लिए निशुल्क उपलब्ध है।
जिला अध्यक्ष नवनीत प्रकाश गुप्ता ने संगठन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए चक भिटारा विद्युत सब स्टेशन के भूमि पूजन को उद्यमियों के लिए बड़ी सफलता बताया। वरिष्ठ संरक्षक सुरेश सिंघल ने कहा कि संगठन उद्योग हित में लगातार मजबूत भूमिका निभा रहा है।
बरेली मंडल महामंत्री मोहन कुमार मित्तल ने कहा कि लघु उद्योग भारती देशहित और उद्योग हित में कार्य करने वाला प्रमुख संगठन बन चुका है। वहीं मंडल अध्यक्ष उन्मुक्त संभव शील ने बताया कि संगठन ने उद्यमियों के फंसे करोड़ों रुपये दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में महिला उद्यमियों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में महिला उद्यमियों की रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता की सराहना की गई।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, उपायुक्त उद्योग संजय सिंह, सहायक प्रबंधक उद्योग अरुण पांडे सहित बड़ी संख्या में उद्यमी और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।








