शाहजहांपुर, 27 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेस-वे उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए जनपद में 29 अप्रैल को विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सुरक्षा के मद्देनजर 28 अप्रैल शाम 6 बजे से 29 अप्रैल रात 12 बजे तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, गंगा एक्सप्रेस-वे के गढ़िया रंगीन क्षेत्र से प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कार्यक्रम में जाने वाली बसों को हुल्लापुर चौराहे से याकूबपुर तिराहा होते हुए एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा, जबकि फर्रुखाबाद की ओर जाने वाली बसें रूपापुर कट से जाएंगी। इस दौरान हुल्लापुर–रूपापुर मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
शाहजहांपुर से हरदोई होकर लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को हरदोई चौराहे से सीतापुर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, हुल्लापुर से हरदोई जाने वाले भारी वाहन जलालाबाद-बरेली मोड़ होते हुए सीतापुर मार्ग से भेजे जाएंगे। कांट क्षेत्र की कुर्रिया कलां चौकी से हरदोई जाने वाले भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान बसें एक्सप्रेस-वे से होकर जाएंगी, जबकि चार पहिया वाहन हरदोई बाईपास या अल्हागंज–पाली मार्ग से मल्लावां की ओर भेजे जाएंगे। भारी वाहनों के लिए हुल्लापुर और सेहरामऊ में होल्डिंग एरिया भी बनाए गए हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित मार्गों का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।








