शाहजहांपुर। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ डॉ. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज में महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने फीता काटकर और मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वयं एल्बेंडाजॉल की दवा खाकर अभियान की शुरुआत की, जबकि महापौर और जिलाधिकारी ने बच्चों को दवा खिलाई।
महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक-मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित समय पर कृमिनाशक दवा जरूर खिलाएं और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया और एआई के सदुपयोग पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग के माध्यम से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस और एल्बेंडाजॉल के संबंध में सही जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि पेट में मौजूद कृमि शरीर के जरूरी पोषक तत्वों को प्रभावित करते हैं, जिससे बच्चों में कमजोरी, एनीमिया और कुपोषण की समस्या हो सकती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि जनपद में 1 से 19 वर्ष तक के लगभग 16.88 लाख बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजॉल की दवा खिलाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को 200 मिलीग्राम यानी आधी गोली और 2 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को 400 मिलीग्राम यानी पूरी गोली दी जाएगी। छोटे बच्चों को गोली पीसकर, जबकि बड़े बच्चों और किशोर-किशोरियों को गोली चबाकर खिलाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दवा खाली पेट नहीं खिलाई जानी चाहिए तथा बीमार बच्चों को भी दवा नहीं दी जानी चाहिए।
सीएमओ ने बताया कि 11 अगस्त को किसी कारणवश दवा खाने से वंचित रह गए बच्चों को 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाई जाएगी। सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों, मदरसों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर यह दवा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यालय न जाने वाले बच्चों को नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पर दवा खिलाई जाएगी।
इस अवसर पर आरबीएसके नोडल डॉ. जफर, डीएचईआईओ अफरोज अहमद, संतोष कुमार, कॉलेज प्रबंधक राजेश शर्मा, प्रधानाचार्य श्रीमती राखी मिश्रा सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।









