शादी का झांसा देकर विधवा महिला से दुष्कर्म, मारपीट कर सड़क पर छोड़ा

By Liberal Media

Published On:

Date:

Liberal Media | अलीगढ़
अलीगढ़ के जयगंज क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गाजियाबाद की 35 वर्षीय विधवा महिला के साथ एक युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर महिला से प्रेम संबंध बनाए और फिर उसे धोखे में रखकर शारीरिक शोषण किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक पहले उसे गाजियाबाद के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद अलीगढ़ के गांधी पार्क क्षेत्र स्थित एक होटल में भी उसे रखा गया और वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला के साथ उसका दो साल का बेटा भी मौजूद था।
आरोप है कि विरोध करने पर युवक और उसके साथियों ने महिला और उसके मासूम बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी युवक को पकड़कर हिरासत में ले लिया।
महिला और उसका बच्चा फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी आदित्य बंसल और सीओ अस्पताल पहुंचे और जांच की। वहीं पूर्व मेयर शकुंतला भारती ने भी अस्पताल पहुंचकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने संबंधित होटल पर छापा मारकर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी के नाम पर उससे मंगलसूत्र और करीब तीन लाख रुपये भी लिए और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights