Liberal Media | झांसी
झांसी में सट्टा माफियाओं और ऑनलाइन जुआ खिलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 100 करोड़ रुपये के सट्टा कारोबार का खुलासा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.वी.जी.टी.एस. मूर्ति के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शुभम उपाध्याय, विजय वाधवा और नितिन अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 8 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक फॉर्च्यूनर गाड़ी और 84,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों में जमा करीब 50 लाख रुपये की धनराशि को भी फ्रीज किया है। जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी के लगभग 100 करोड़ रुपये के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी सामने आए हैं।
इस अवैध नेटवर्क से जुड़े 9 अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
प्रारंभिक जांच में कुछ सफेदपोश लोगों के नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है, हालांकि पुलिस इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








