शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर पुलिस बल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनुशासन, कार्यकुशलता, शारीरिक दक्षता और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सर्विलांस सेल एवं एसओजी के पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने राजपत्रित अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और आरटीसी महिला प्रशिक्षुओं के टर्नआउट, वर्दी की स्वच्छता, कदमताल, ड्रिल, शस्त्र संचालन एवं अनुशासन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को नियमित प्रशिक्षण, समयपालन और उच्च स्तर की कार्यकुशलता बनाए रखने के निर्देश दिए।
परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की पहचान उसके अनुशासन, तत्परता, शारीरिक क्षमता और संवेदनशील व्यवहार से होती है। नियमित प्रशिक्षण से कठिन परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने जनसेवा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया।
इसके बाद एसपी ने पुलिस लाइन स्थित बैरकों, शस्त्रागार, परिवहन शाखा, डायल-112 वाहनों, आरटीसी प्रशिक्षण व्यवस्था, अभिलेखों और साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को संसाधनों के बेहतर रखरखाव, अभिलेखों के नियमित अद्यतन और परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिसकर्मी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य कर जनता का विश्वास और मजबूत करें।
अंत में एसपी ने कहा कि जनपद पुलिस को अधिक अनुशासित, दक्ष और जनोन्मुख बनाने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड, प्रशिक्षण और निरीक्षण की व्यवस्था नियमित रूप से जारी रहेगी।








