शाहजहांपुर। राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर दिल्ली-बरेली-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन संख्या 54075-54076 का संचालन पूर्व की भांति शाहजहांपुर से किए जाने की मांग की। सांसद ने रेल मंत्री को पत्र सौंपकर इस ट्रेन के संचालन से स्थानीय व्यापारियों, किसानों, छोटे उद्यमियों और आम यात्रियों को होने वाले लाभ की जानकारी दी।
सांसद ने कहा कि पूर्व में उक्त पैसेंजर ट्रेन का संचालन शाहजहांपुर से होता था, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों और आम यात्रियों को दिल्ली तथा अन्य स्थानों तक आने-जाने में काफी सुविधा मिलती थी। वर्तमान में ट्रेन का संचालन शाहजहांपुर से बंद होने के कारण व्यापारियों को सामान लाने-ले जाने में अतिरिक्त परेशानी और परिवहन खर्च उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने रेल मंत्री से कहा कि ट्रेन का संचालन पुनः शाहजहांपुर से शुरू होने पर स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, छोटे व्यापारियों और किसानों को राहत मिलेगी तथा आम यात्रियों को भी बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे रेलवे को भी यात्री संख्या बढ़ने के साथ अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सकता है।
राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने रेल मंत्री से जनहित एवं व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली-बरेली-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन का संचालन पुनः शाहजहांपुर से पूर्ववत शुरू कराने का अनुरोध किया।









