शाहजहांपुर । जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा जिला पोषण समिति की बैठक हुई। बैठक में विभागीय योजनाओं, संभव अभियान-6.0 और पोषण संबंधी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। जुलाई में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए भावलखेड़ा, निगोही, सिंधौली और जैतीपुर के बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य सेविकाओं/सुपरवाइजर एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को संभव अभियान-6.0 के सभी निर्धारित बिंदुओं पर शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराने तथा 15 अगस्त तक प्रगति में सुधार लाने को कहा। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर वीएचएसएनडी सत्र समय से आयोजित कराने, सुपरवाइजरों को नियमित निरीक्षण करने तथा केंद्रों के आसपास से गुजरने वाली हाईटेंशन विद्युत लाइनों की जानकारी जुटाकर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
पोषण ट्रैकर की समीक्षा में डीएम ने 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के उन लाभार्थियों की केंद्रवार सूची तैयार कर अपार आईडी बनवाने के निर्देश दिए, जिनके आधार कार्ड बन चुके हैं। सभी लाभार्थियों का मोबाइल सत्यापन एक दिन में पूरा कराने को कहा। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों का प्रतिदिन शत-प्रतिशत संचालन, पोषण ट्रैकर पर विवरण का शत-प्रतिशत अंकन और अनुपूरक पुष्टाहार वितरण की एफआरएस के माध्यम से नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना चेहरा प्रमाणीकरण के अनुपूरक पुष्टाहार का वितरण किसी भी स्थिति में नहीं किया जाएगा। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण शीघ्र पूरा कर हैंडओवर की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी कराने तथा सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों पर विकसित की जा रही पोषण वाटिकाओं का स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं और ब्लॉक समन्वयक मौजूद रहे।









