रोजा थाने में तैनात एसआई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच शुरू

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में रोजा थाने के हल्का नंबर-2 में तैनात उपनिरीक्षक (एसआई) राजेंद्र सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में अपने आवास पर मृत मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से शामली निवासी एसआई राजेंद्र सिंह वर्तमान में आदर्श नगर कॉलोनी में रह रहे थे, जबकि उनका परिवार मेरठ में रहता है। बुधवार सुबह उनका मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों ने रोजा थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी।

इसके बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम उनके आवास पहुंची। कमरे का दरवाजा खुला मिला, जहां एसआई राजेंद्र सिंह बेड पर मृत अवस्था में पड़े थे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights