रामपुर में भीषण सड़क हादसा, दो मासूम सगे भाइयों की मौत

By Liberal Media

Published On:

Date:

रामपुर। शाहाबाद थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो मासूम सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि माता-पिता और उनकी बहन समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, एक परिवार शादी समारोह में शामिल होकर ई-रिक्शा से ढकिया रोड के रास्ते अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो मासूम सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में बच्चों के माता-पिता और उनकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बच्ची को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि माता-पिता का उपचार रामपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा में परिवार के पांच सदस्य और चालक समेत कुल छह लोग सवार थे। शादी समारोह से लौटते समय हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights