शाहजहांपुर। जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए), पुलिस, जिला प्रशासन और मंडी प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठित ब्रांड ‘राजधानी बेसन’ के नाम पर नकली बेसन और दाल तैयार करने वाली इकाई का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान करीब ₹32.87 लाख कीमत का माल, पैकिंग मशीन और बड़ी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री सीज की गई।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई में दिल्ली स्थित राजधानी फ्लोर मिल्स लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि भूमेश गौड़ की शिकायत पर थाना कोतवाली क्षेत्र के जियाखेल स्थित आरव उद्योग में छापा मारा गया। जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठित ‘राजधानी’ ब्रांड के नाम और पैकिंग का दुरुपयोग कर नकली बेसन और दाल तैयार कर बाजार में असली उत्पाद बताकर बेची जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान 550 भरे बोरे, सैकड़ों बोरे दाल, 200 खाली ‘राजधानी बेसन’ ब्रांड के बोरे, पैकिंग मशीन सहित अन्य उपकरण बरामद कर सीज किए गए। खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
इस मामले में आरव उद्योग की संचालिका अनुराधा अग्रवाल के विरुद्ध थाना कोतवाली में ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








