हाथरस। मुरसान थाना क्षेत्र में मथुरा-कासगंज रेलवे ट्रैक के किनारे मिले युवक और युवती के शवों की पहचान हो गई है। दोनों मृतक मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के निवासी बताए गए हैं। पहचान होने के बाद परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 18 वर्षीय रिया कुशवाहा पुत्री कल्याण सिंह निवासी बतारिया का पुरा, गिरवाई नाका क्षेत्र, ग्वालियर और 25 वर्षीय आनंद कुशवाहा पुत्र भोलो कुशवाहा निवासी सोजना, थाना तिघरा, ग्वालियर के रूप में हुई है। रिया कक्षा नौ की छात्रा थी, जबकि आनंद एक बेटी का पिता था।
जांच में सामने आया है कि दोनों 31 मई से अपने-अपने घरों से लापता थे। रिया की गुमशुदगी ग्वालियर में दर्ज कराई गई थी। पुलिस के मुताबिक रिया घर से कृष्ण नामक युवक के साथ निकली थी, जो आनंद का मित्र बताया जा रहा है। बाद में आनंद रिया को अपने साथ ले गया, जबकि कृष्ण वापस ग्वालियर लौट गया।
पुलिस का कहना है कि कृष्ण नाबालिग है और उससे भी पूछताछ की जा रही है।








