शाहजहांपुर। शांतिकुंज हरिद्वार से युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का दिव्य संदेश लेकर निकली ज्योति कलश रथयात्रा शुक्रवार को परशुरामपुरी (जलालाबाद) क्षेत्र में पहुंची, जहां गांव-गांव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। जहां-जहां रथयात्रा पहुंची, वहां ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा, आरती, दीप प्रज्ज्वलन और जयघोष के साथ अखंड ज्योति का भव्य स्वागत किया। पूरा क्षेत्र “हम बदलेंगे, युग बदलेगा” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
प्रातः परशुरामपुरी पहुंचते ही रथयात्रा प्रभारी छोटे लाल वर्मा ने गायत्री परिजनों के साथ पूजन, आरती एवं जयघोष के बीच रथयात्रा का भव्य स्वागत किया। इसके बाद यात्रा का विश्राम नगर, सुजावल, सरैया मोड़, नौसारा और बड़ा गेट वाली गली सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धाभाव से स्वागत किया गया।

सुजावल में प्रधान राम लड़ैते, कांति मोहन, गोपाल द्विवेदी एवं सब इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने परिजनों के साथ रथयात्रा का स्वागत किया। सरैया मोड़ पर हरिओम गुप्ता एवं कमलेश शर्मा ने परिवार सहित अखंड ज्योति का अभिनंदन किया। बड़ा गेट वाली गली में चवेंद्र पाल एवं रेखा जी ने परिवार के साथ पुष्पवर्षा और आरती कर रथयात्रा का भव्य स्वागत किया।
चवेंद्र पाल जी के यहां भोजन प्रसाद एवं अल्प विश्राम के उपरांत यात्रा प्रभारी छोटे लाल वर्मा के आवास पहुंची, जहां परिजनों ने श्रद्धाभाव से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद यात्रा थाना पहुंची, जहां कोतवाल साहब ने अखंड ज्योति का स्वागत किया। संजय पाठक तिराहे पर स्वागत के उपरांत यात्रा परशुराम मंदिर पहुंची, जहां आनंद पाठक ने परिजनों के साथ रथयात्रा का अभिनंदन किया।
यात्रा के स्वागत में पंकज, गौरव, राघव, पूनम, मयंक, सुरेश, गोपाल, अभय प्रताप, दृगपाल, महेंद्र सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजन उपस्थित रहे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण योजना का साहित्य वितरित किया गया। साथ ही विचार क्रांति अभियान, नशामुक्ति, नैतिकता, पारिवारिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के संकल्प के साथ श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर यात्रा प्रभारी छोटे लाल वर्मा ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जनजागरण, नैतिक उत्थान और आत्मजागरण का अभियान है। व्यक्ति के विचारों में परिवर्तन ही समाज परिवर्तन का आधार है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में सत्य, सदाचार, संयम और सेवा के मूल्यों को अपनाए, तो परिवार, समाज और राष्ट्र स्वतः सशक्त बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि युगऋषि का संदेश है कि परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से की जाए। जब हम अपने दोषों को दूर कर श्रेष्ठ गुणों को अपनाते हैं, तभी वास्तविक युग परिवर्तन संभव है। उन्होंने कहा कि परशुरामपुरी का यह परम सौभाग्य है कि ज्योति कलश रथयात्रा पूरे क्षेत्र में विचार क्रांति अभियान का संदेश फैला रही है।

रथयात्रा के साथ रथ सारथी, मीडिया से कपूर जी, अनीता गुप्ता, सुधा, महिपाल, सीताराम सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे।
सायंकाल परशुराम मंदिर परिसर में भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। दीपयज्ञ में सभी वरिष्ठ परिजनों ने पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किए तथा विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी श्रद्धालुओं ने ज्योति कलश रथयात्रा के साथ भगवान परशुराम जी के दर्शन भी किए।
दीपयज्ञ का संचालन जिला समन्वयक सूरज वर्मा, सीताराम एवं महिपाल जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।
गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिवस बंथरा क्षेत्र में पहुंचकर जनजागरण, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग आत्मसुधार, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और संस्कार निर्माण का संकल्प ले रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना जागृत हो रही है।
“ज्योति कलश रथयात्रा के दौरान महिला पुलिस एवं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके चलते यात्रा सकुशल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।”







