प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान से जुड़ा शाहजहांपुर, 15 विकासखंडों में युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत रविवार को मेरा युवा भारत (MY Bharat), शाहजहांपुर के तत्वावधान में अकररा रसूलपुर स्थित मीटिंग हॉल में राष्ट्रीय लाइव प्रसारण का सामूहिक अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मौजूद मेरा युवा भारत, शाहजहांपुर के उपनिदेशक माहे आलम ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने स्वयंसेवकों से गांवों, कस्बों और शैक्षणिक संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील की।

प्रधानमंत्री के संदेश के बाद सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने की शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और राष्ट्र की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है तथा युवाओं को शिक्षा, खेल, कौशल विकास और सामाजिक सेवा जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए।

इस अभियान के अंतर्गत शाहजहांपुर के सभी 15 विकासखंडों में भी राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों द्वारा प्रधानमंत्री के संबोधन का सामूहिक श्रवण कराया गया, जिसमें हजारों युवाओं ने भाग लेकर नशामुक्त भारत और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हर्ष पांडेय, सृष्टि मिश्रा, करन शर्मा, जहीद आलम, अमित कुमार, शिवेंद्र तिवारी और पूजा सिंह सहित जनपद के सभी स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में मेरा युवा भारत, शाहजहांपुर ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights