प्रभारी मंत्री ने हॉकी क्लब, प्लैनेटोरियम और मल्टीलेवल पार्किंग का किया निरीक्षण

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित अन्य अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन हॉकी क्लब, प्लैनेटोरियम (नक्षत्रशाला) और मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि करीब ₹13.11 करोड़ की लागत से हॉकी क्लब का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत ₹13.23 करोड़ की लागत से मल्टीलेवल कार पार्किंग तथा राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत ₹20.37 करोड़ की लागत से प्लैनेटोरियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

अधिकारियों के अनुसार मल्टीलेवल कार पार्किंग का लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना में पार्किंग, लिफ्ट, फायर फाइटिंग सिस्टम, गार्ड रूम और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिसे फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

प्रभारी मंत्री ने प्लैनेटोरियम का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह परियोजना बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। परिसर में आधुनिक जिम, लाइब्रेरी, साइबर कैफे और अन्य जनसुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights