प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप की रात्रि चौपाल में जनसंवाद, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

By Liberal Media

Published On:

भटपुरा रसूलपुर में ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ अभियान के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में विकासखंड सिंधौली की ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम आधारित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।

रात्रि चौपाल में प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी निजी एवं सार्वजनिक समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया तथा नवजात शिशुओं के अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कार्यक्रम में भी भाग लिया।

कार्यक्रम में एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह ने ग्रामीणों को विभिन्न विकास कार्यों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने ग्राम प्रधान अनिल गुप्ता द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “नियत साफ हो तो कांटों में भी फूल खिलते हैं।” उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश और प्रदेश के विकास में स्पष्ट बदलाव दिखाई देता है और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में 30 लाख प्रधानमंत्री आवास, 12 करोड़ शौचालय, 55 करोड़ आयुष्मान गोल्डन कार्ड, 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, 220 करोड़ कोरोना वैक्सीन डोज, 11 करोड़ किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि और करोड़ों परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी पर अंकुश लगा है तथा 9 लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी और 3 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। एक्सप्रेसवे, मेट्रो और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने जैसे कार्यों ने विकास को नई गति दी है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प देश को विश्व की अग्रणी शक्तियों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ग्रामीणों से देश और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही विकास की गति और तेज होगी तथा सरकार प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रात्रि चौपाल में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई और ग्रामीणों से विकास कार्यों एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सुझाव भी लिए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights