बलिया | LIBERAL MEDIA
बेल्थरारोड के दो बार विधायक, प्रदेश के पूर्व कारागार मंत्री और घोसी के पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर का रविवार को निधन हो गया। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
हरिनारायण राजभर बलिया जिले के बेल्थरारोड तहसील अंतर्गत ग्राम टंगुनिया के निवासी थे। वे भाजपा के प्रखर नेता रहे और वर्ष 1991 व 1996 में सीयर-बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वर्ष 2014 में घोसी लोकसभा क्षेत्र से सांसद बने।
अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने जनसेवा और संघर्ष को प्राथमिकता दी तथा आम जनता की आवाज को मुखर रूप से उठाया।
उनके निधन से बलिया, मऊ समेत पूरे पूर्वांचल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।








