पुलिस लाइन में धूमधाम से मनी हरियाली तीज, महिलाओं ने लगाए मेहंदी के रंग और लगाए ठुमके

By Liberal Media

Published On:

शाहजहाँपुर। रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहाँपुर में वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से हरियाली तीज पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान पारंपरिक लोकगीत, भजन, लोकनृत्य, मेहंदी प्रतियोगिता और तीज से जुड़े पारंपरिक खेलों का आयोजन हुआ।

महिलाओं ने लोकगीत एवं भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांधा, वहीं लोकनृत्य और पारंपरिक खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेहंदी प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार की महिलाओं को भारतीय संस्कृति और पारंपरिक पर्वों से जोड़ने के साथ ही उन्हें व्यस्त दायित्वों के बीच मनोरंजन और आपसी संवाद का अवसर उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी पुवायां की पत्नी श्रीमती निवेदिता मलिक, क्षेत्राधिकारी नगर की पत्नी श्रीमती निधि तिवारी, उपनिरीक्षक मधु यादव, सहायक उपनिरीक्षक सरिता सहित पुलिस कर्मचारी और पुलिस परिवार की महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights