पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का एएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा को व्यवस्थित और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरी सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नकल के प्रयास, अव्यवस्था अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने देने, अभ्यर्थियों को सुगम प्रवेश उपलब्ध कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही भ्रमणशील पुलिस टीमों को सक्रिय रखते हुए लगातार निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया गया।

पुलिस प्रशासन के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights