पीलीभीत। पप्पू हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश शिवम उर्फ सरबजीत की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। यह कार्रवाई डीआईजी अजय साहनी और एसपी सुकीर्ति माधव के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, बिलसंडा थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह मारा गया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शिवम उर्फ सरबजीत पर दो हत्या, दो गैंगस्टर एक्ट सहित करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह पप्पू व्यापारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
फिलहाल पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं जारी हैं।








