Liberal Media | सेंट्रल नोएडा
नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र के मामूरा गांव स्थित एक पीजी में दरिंदगी का मामला सामने आया है, जहां एक किशोर को बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि नशे में धुत दो युवकों ने किशोर को गैस पाइप और डंडों से जमकर पीटा, जबकि तीसरा आरोपी पूरी घटना का वीडियो बनाता रहा। आरोप है कि किशोर के कपड़े उतरवाकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। करीब 10 मिनट तक उसके साथ बर्बरता की गई।
घटना के बाद आरोपियों ने पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले में घायल किशोर के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आर.के. गौतम के मुताबिक, मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।








