नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से पहली उड़ान शुरू होने से ठीक पहले स्थानीय युवाओं ने रोजगार की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। युवाओं का आरोप है कि प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन अब तक उन्हें स्थायी रोजगार नहीं मिला है।
प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना है कि एयरपोर्ट निर्माण के लिए उनकी जमीन अधिग्रहित की गई थी। उस समय स्थायी नौकरी दिलाने के आश्वासन पर मुआवजे की राशि में प्रति परिवार करीब पांच लाख रुपये कम लिए गए थे, लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया।
स्थानीय युवा लंबे समय से रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार रात भी बड़ी संख्या में युवा जेवर एयरपोर्ट के किशोरपुर क्षेत्र के पास धरने पर बैठे रहे और स्थायी नौकरी देने की मांग दोहराई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट परियोजना से सबसे अधिक प्रभावित स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। वहीं, प्रशासनिक अधिकारी युवाओं को समझाने और धरना समाप्त कराने के प्रयास में जुटे हैं।
गौरतलब है कि कल से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान शुरू होनी है, ऐसे में ऐन मौके पर शुरू हुए इस प्रदर्शन ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मामला जेवर थाना क्षेत्र स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ा है।








