आगरा। शहर में हुई पहली बारिश ने जल निगम के करीब 500 करोड़ रुपये के सीवर और पेयजल परियोजना की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आवास विकास सेक्टर-4 में अचानक सड़क धंसने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गड्ढे में समा गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-4 पुलिस चौकी के पास करीब 20 फीट चौड़ी और 15 फीट गहरी सड़क अचानक धंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क धंसते ही वहां से गुजर रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली गड्ढे में फंस गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीवर लाइन में लीकेज के कारण लंबे समय से मिट्टी का कटान हो रहा था, जिससे सड़क के नीचे खोखलापन पैदा हो गया। पहली बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई तथा सड़क धंस गई।
बताया जा रहा है कि केवल सेक्टर-4 ही नहीं, बल्कि सेंट्रल जेल रोड, पश्चिमपुरी, शास्त्रीपुरम और फतेहाबाद रोड पर भी सड़क धंसने और क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं।
पहली बारिश में खुली 500 करोड़ के सीवर-पानी प्रोजेक्ट की पोल, 20 फीट चौड़ी सड़क धंसी
Published On:
Date:








