पवन सिंह-रवि किशन के कार्यक्रम में भगदड़, कुर्सियां चलीं; पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

By Liberal Media

Published On:

बलिया/नगरा। भोजपुरी सुपरस्टार एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) पवन सिंह और अभिनेता-सांसद रवि किशन के कार्यक्रम में मंगलवार रात अव्यवस्था और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। कार्यक्रम स्थल पर उमड़ी भारी भीड़ के कारण हालात बिगड़ गए और पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के साथ करीब चार घंटे की देरी से देर रात दोनों सितारे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। जैसे ही पवन सिंह और रवि किशन मंच पर पहुंचे, उन्हें देखने के लिए भीड़ आगे बढ़ने लगी। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रात करीब 11 बजे स्थिति और बिगड़ गई। कार्यक्रम स्थल पर कुछ लोगों ने कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना में कुछ लोगों के चोटिल होने की भी सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना के बाद कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना पहले से थी, इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम नहीं किए गए।

नगरा की इस घटना ने एक बार फिर बड़े आयोजनों में भीड़ प्रबंधन की तैयारियों पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। लोगों का कहना है कि वे अपने पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अव्यवस्था, भगदड़ और लाठीचार्ज का सामना करना पड़ा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights