शाहजहांपुर। अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान, संस्कार और सद्विचारों का प्रकाश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकली ज्योति कलश रथयात्रा गुरुवार को नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पहुंची। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का यह दिव्य संदेश जहां-जहां पहुंचा, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण बना रहा।
यात्रा का शुभारंभ स्टेशन रोड, एमनजई जलालनगर में राधेलाल मौर्य एवं रामलाल मौर्य के परिवार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पवर्षा के साथ किया गया। इसके बाद भारद्वाज कॉलोनी, हद्दफ चौकी, आनंदपुरम कॉलोनी, गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा, घंटाघर, लकड़ी मंडी और हयातपुरा सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने रथयात्रा का स्वागत कर अखंड ज्योति का पूजन किया।
दोपहर लगभग 4 बजे ज्योति कलश रथयात्रा प्रेस क्लब, शाहजहांपुर पहुंची, जहां पत्रकारों, साहित्यकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कलश पूजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती का आयोजन किया गया। उपस्थित लोगों ने 24 तीर्थों की पावन रज एवं अखंड ज्योति के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रेस क्लब में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में आरएमएल ग्रुप की डायरेक्टर एवं वीआईपी ग्रुप की जिला प्रभारी स्तंभकार वर्षा गोस्वामी, भाजपा नेत्री नीतू गुप्ता, मधुबाला मिश्रा, विवेक वर्मा, अभिनय गुप्ता, राहुल अवस्थी, गोविंद अवस्थी, सुशील शुक्ला, रोहित पांडेय, पवन पांडेय, राजीव सक्सेना, कौशलेंद्र मिश्रा, धनंजय बाजपेयी, आशीष त्रिपाठी, अंश मिश्रा सहित अनेक पत्रकार, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कलश पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा अखंड ज्योति की आरती उतारी। इस दौरान उपस्थित अतिथियों को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य भी भेंट किया गया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अखंड ज्योति पत्रिका, युग निर्माण साहित्य एवं विचार क्रांति अभियान से संबंधित सामग्री वितरित की गई तथा नशामुक्ति, नैतिक जीवन और सामाजिक जागरण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण का जनजागरण अभियान है। अखंड ज्योति का संदेश है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने भीतर सद्विचारों का दीप जलाकर समाज के उत्थान में योगदान दे।
सायंकाल रथयात्रा प्रताप एन्क्लेव पहुंची, जहां वरिष्ठ गायत्री परिजन संजय गुप्ता एवं अंजली गुप्ता ने परिवार सहित यात्रा का स्वागत किया। उनके आवास पर भव्य दीपयज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें विश्व शांति, सुख-समृद्धि और सामाजिक सद्भावना की कामना की गई। दीपयज्ञ का संचालन मंजू, गीता, शिवानी एवं रथ सारथी राकेश जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया।
जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिनों में नगर क्षेत्र एवं जमुही सहित आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर जनजागरण, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में लोग आत्मसुधार, नशामुक्ति और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना जागृत हो रही है।









