शाहजहांपुर। विकास भवन सभागार में शनिवार को महापौर अर्चना वर्मा की अध्यक्षता तथा उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की उपस्थिति में नगर निगम सदन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सदन में संपत्ति कर की चालू मांग पर 10 प्रतिशत छूट की अवधि 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाने, बड़ी फॉगिंग मशीन खरीदने, स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत पौधारोपण, जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नालों के निर्माण, दृष्टिबाधित नागरिकों के लिए कल्याण केंद्र की स्थापना, सीएम ग्रिड कार्य के अंतर्गत स्वैच्छिक सहायक की नियुक्ति तथा रोजा क्षेत्र के बरेली मोड़-मठिया कॉलोनी में विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर लगाने सहित कई प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि नगर विकास से जुड़े प्रत्येक कार्य को पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय बनाकर नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को सदन में पारित प्रस्तावों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम के पार्षद तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








