शाहजहांपुर। अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान, संस्कार और सद्विचारों का प्रकाश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकली ज्योति कलश रथयात्रा शुक्रवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों एवं कॉलोनियों में भ्रमण करती हुई सायंकाल ग्राम जमुही पहुंची। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का दिव्य संदेश जहां-जहां पहुंचा, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण बना रहा।
यात्रा का शुभारंभ लोधीपुर क्षेत्र से हुआ, जहां रथ सारथी राकेश जी एवं स्थानीय परिजनों ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ अखंड ज्योति का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा तारीन बहादुरगंज स्थित उस्मान बाग चौकी क्षेत्र पहुंची, जहां किरण सक्सेना ने परिवार सहित पूजन-अर्चन कर रथयात्रा का अभिनंदन किया।
जगह-जगह स्वागत प्राप्त करती हुई यात्रा मंडी मोड़ पहुंची, जहां वरिष्ठ गायत्री परिजन रवि खरे एवं शशि खरे ने श्रद्धाभाव के साथ पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। छोटा चौक में वरिष्ठ कार्यकर्ता गीता रस्तोगी ने परिवार सहित पूजन कर अखंड ज्योति का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके उपरांत यात्रा अजीजगंज पहुंची, जहां वरिष्ठ कार्यकर्ता मूर्ति मौर्य ने परिवार एवं आसपास के श्रद्धालुओं के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर रथयात्रा का भव्य स्वागत किया। भोजन प्रसाद एवं अल्प विश्राम के बाद यात्रा आवास विकास पहुंची, जहां आलोक कुमार सिंह ने परिवार सहित पूजन कर स्वागत किया। साउथ सिटी में अनूप कुमार सिंह एवं उनके परिजनों ने रथयात्रा का स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

सायंकाल रथयात्रा ग्राम जमुही पहुंची, जहां गायत्री परिजन भूपेंद्र सिंह ने परिवार सहित श्रद्धाभाव के साथ अखंड ज्योति का स्वागत किया। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा, आरती एवं जयघोष के साथ रथयात्रा का अभिनंदन किया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया। साथ ही विचार क्रांति अभियान, नशामुक्ति, संस्कारवान परिवार निर्माण एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण का जनजागरण अभियान है। अखंड ज्योति का संदेश है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने भीतर सद्विचारों का दीप जलाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बने।
रथयात्रा के साथ रथ सारथी राकेश जी, जिला समन्वयक सूरज वर्मा, सविता, सुमिता, किरण, अन्नू, मीडिया प्रकोष्ठ से राहुल सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे।
सायंकाल भूपेंद्र सिंह के आवास पर भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। दीपयज्ञ में भूपेंद्र सिंह एवं उनके परिवार ने पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में सद्भावना की कामना की। दीपयज्ञ को जिला समन्वयक सूरज वर्मा, सविता एवं रथ सारथी राकेश जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।
दीपयज्ञ के दौरान सूरज वर्मा ने कहा कि आज समाज को केवल भौतिक विकास नहीं, बल्कि नैतिक और आध्यात्मिक जागरण की भी आवश्यकता है। विचारों में परिवर्तन ही युग परिवर्तन का आधार है। जब व्यक्ति स्वयं को बदलता है, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र में सकारात्मक बदलाव संभव होता है।
गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिवस नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों एवं कृभको नगर कॉलोनी पहुंचकर जनजागरण, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने बताया कि सायंकाल कृभको नगर कॉलोनी गेस्ट हाउस में भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया जाएगा।









