हापुड़। पिलखुवा क्षेत्र से लापता नाबालिग किशोरी की बरामदगी की मांग को लेकर सोमवार को विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पिलखुवा कोतवाली में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी करीब 10 दिन पहले लापता हुई थी। परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक किशोरी का पता नहीं चल सका है। इसी को लेकर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, बजरंग दल और हिंदू रक्षा आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से किशोरी की शीघ्र और सकुशल बरामदगी की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कोतवाली परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ कर किशोरी की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना भी की।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को मामले में की जा रही कार्रवाई की जानकारी देते हुए जल्द ही किशोरी को बरामद करने का आश्वासन दिया। मामले को लेकर पुलिस जांच जारी है।








