बांदा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बांदा दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री का 9 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे बांदा पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनके आगमन से पहले पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) राजेश यश, जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल सहित अन्य अधिकारियों ने सभा स्थल और हेलीपैड का संयुक्त निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वे पंडित जेएन कॉलेज मैदान पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
अधिकारियों ने पुलिस लाइन हेलीपैड, सभा स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा और मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारु एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके।








