मोड़ा तेहिया झील बनेगी पर्यटन का नया केंद्र, डीएम ने किया निरीक्षण

By Liberal Media

Published On:

Date:

मुरादाबाद। जनपद की प्राकृतिक धरोहरों को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने थाना पाकबड़ा क्षेत्र के ग्राम मोड़ा तेहिया स्थित प्रसिद्ध झील का निरीक्षण किया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मोड़ा तेहिया झील साइबेरियन प्रवासी पक्षियों के आगमन के लिए जानी जाती है। हर वर्ष बड़ी संख्या में विदेशी पक्षी यहां पहुंचते हैं, जिससे यह क्षेत्र प्रकृति एवं पक्षी प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन जाता है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने झील की प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और कमल की खेती का अवलोकन किया तथा इसके विकास की संभावनाओं पर चर्चा की।

डीएम डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि मोड़ा तेहिया झील जनपद की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है। इसके सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को झील की साफ-सफाई, हरित विकास, पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने तथा संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी कांठ, तहसीलदार कांठ, वन विभाग के अधिकारी, छजलैट विकासखंड के अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने झील को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।

स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि झील के विकास से मोड़ा तेहिया को नई पहचान मिलेगी और यह क्षेत्र पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान हासिल करेगा।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights