‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन संपन्न

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में 135-शाहजहांपुर नगर विधानसभा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन (डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम) गांधी भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने की। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री सुभाषिनी जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य हरि सिंह ढिल्लो रहे। इस दौरान बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, डिजिटल प्रशिक्षण, सदस्यता विस्तार, मतदाता संपर्क और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
अपने संबोधन में सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और उसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता एवं बूथ अध्यक्ष हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश मंत्री सुभाषिनी जायसवाल ने बूथ अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताते हुए जनसंपर्क बढ़ाने और युवाओं, महिलाओं तथा नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। वहीं, हरि सिंह ढिल्लो ने कहा कि चुनाव बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीते जाते हैं।
सम्मेलन में महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिला अध्यक्ष के.सी. मिश्रा, डॉ. सुधीर गुप्ता, महापौर अर्चना वर्मा, डीपीएस राठौर, उपेंद्र पाल सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी अभियानों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights